ग्राम परिंदा तल्ला में धूमधाम से मनाया गया ग्रामोत्सव, ग्राम देवताओं की पूजा-अर्चना के साथ लिया विकास का संकल्प



ग्राम परिंदा तल्ला में धूमधाम से मनाया गया ग्रामोत्सव, ग्राम देवताओं की पूजा-अर्चना के साथ लिया विकास का संकल्प
पौड़ी: ग्राम परिंदा तल्ला में ग्रामोत्सव एवं ग्राम देवता पूजन कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर दिशा ध्याणियों एवं ग्रामवासियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ग्राम देवताओं की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान विनय कुकसाल, जयकृष्ण कुकसाल, मुकेश कुकसाल, हरीश कुकसाल, देवेंद्र, विनोद कुकसाल, प्रवीण कुकसाल, अनिल कुकसाल, शंभु प्रसाद कुकसाल, बुद्धि बल्लभ कुकसाल, राकेश कुकसाल, अनूप कुकसाल सहित समस्त ग्रामीणों ने गांव के विकास और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ग्राम सभा बैठक आयोजित की। बैठक में गांव के सर्वांगीण विकास, सामाजिक एकता तथा जनसहभागिता को बढ़ावा देने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
ग्राम परिंदा तल्ला की मातृशक्ति ने पारंपरिक लोकगीतों, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। महिलाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए गीत-संगीत ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर हवन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ ढोंटियाल देवता और झाली माली देवता की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। ग्रामीणों ने ग्राम देवताओं से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख रणवीर सजवान तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार चन्द्रमोहन जदली ने भी प्रतिभाग किया। उन्होंने ग्रामवासियों द्वारा सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए ग्रामीणों को शुभकामनाएं दीं।
ग्रामोत्सव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, प्रवासी ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों ने सहभागिता कर अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति आस्था व्यक्त की।
