देखें वीडियो:अधिकारी के मारपीट मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपी गिरफ्तार

दून के हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपी गिरफ्तार
कार्यबहिष्कार शुरू, भाजपा विधायक की गिरफ्तारी को लेकर दबाव बढ़ाया
प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक पर हमला व तोड़फोड़ का मामला
सरकारी कार्य में बाधा, बलवा और धमकी के आरोप में दून पुलिस की कार्रवाई
देहरादून। रायपुर क्षेत्र के ननूरखेड़ा स्थित प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय उत्तराखंड के निदेशक कार्यालय में सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में दून पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
शिक्षक-अधिकारी- कर्मचारी संघ से जुड़े 40 से अधिक संगठनों ने भाजपा विधायक उमेश काऊ की गिरफ्तारी को लेकर दबाव बना दिया है। भाजपा विधायक काऊ ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए माफी मांगी है। काऊ ने कहा कि उन्होंने घटना को रोकने की भरपूर कोशिश की थी।
पुलिस के अनुसार 21 फरवरी 2026 को प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक कार्यालय में एक प्रकरण को लेकर विधायक रायपुर उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ वार्ता करने पहुंचे थे। वार्ता के दौरान विवाद हो गया, जिस पर कुछ व्यक्तियों ने कार्यालय में अराजकता फैलाते हुए कुर्सियां और अन्य सामान फेंककर तोड़फोड़ की। इस घटना में कार्यालय में मौजूद कुछ लोगों को चोटें भी आईं।
इस संबंध में प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल की तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा संख्या 80/26 धारा 121(1), 191(2), 324(3), 351(3) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं विधायक की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल सुशील रमोला की तहरीर पर मुकदमा संख्या 81/26 धारा 115(2), 127(2), 131 और 352 बीएनएस के तहत भी अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अभियुक्तों की पहचान की और एक हिस्ट्रीशीटर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अरविन्द पुंडीर उर्फ कल्ली निवासी ननूरखेड़ा, लक्ष्मण नवानी निवासी शिवलोक कॉलोनी लाडपुर, राकेश थपलियाल निवासी तपोवन रोड लाडपुर तथा अक्षय राणा निवासी सौंधोवाली, थाना रायपुर, देहरादून शामिल हैं।
दूसरी ओर, शिक्षा विभाग में आज 23 फरवरी से दो दिवसीय कार्य बहिष्कार शुरू हो गया है। 25 फरवरी से अन्य विभागीय कर्मी कार्य बहिष्कार करेंगे।
बहरहाल, निदेशक से मारपीट का मसला भाजपा के लिए गले की हड्डी बनता जा रहा है।
घटना की रिपोर्ट की धाराएं
घटना के सम्बन्ध में श्री अजय कुमार नौडियाल, निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा उत्तराखण्ड द्वारा थाना रायपुर में दी गयी तहरीर तथा उसमें संलग्न मेडीकल रिपोर्ट के आधार पर मु0अ0सं0 – 80/26 धारा: 121(1) (लोक सेवक के कार्यों में बाधा डाल उसे चोट पहुंचाना)/191(2) (बलवा)/324(3) (सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाना)/351(3) (जान से मारने की धमकी देना)/352 (गाली गलौच कर अपमानित करना) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। साथ ही सम्बन्धित प्रकरण में ही मां0 विधायक श्री उमेश शर्मा काउ की सुरक्षा में तैनात कां0 सुशील रमोला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0- 81/26 धारा: 115 (2) (चोट पंहुचाना)/127 (2)(परिरोध करना)/131(हमला करना) तथा 352 (गाली गलौच कर अपमानित करना) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
1. मण्डलीय अध्यक्ष / सचिव, ए.मि.ओ.ए. गढ़वाल मण्डल / कुमांऊ कडल 2. समस्त जनपदीय अध्यक्ष/सचिव, ए.मि.ओ.ए. गढ़वाल मण्डल। कुमांऊ मण्डल
विषयः- दिनांक 21 फरवरी, 2026 को प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय में घटित घटना के विरोध में दिनांक 23 व 24 फरवरी, 2026 को कार्यबहिष्कार करने के सम्बन्ध में।
महोदय,
जैसा कि आप विज्ञ हैं कि दिनांक 21 फरवरी, 2026 को रायपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक द्वारा अपने समर्थकों के साथ प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक आदरणीय श्री अजय नौडियाल जी एवं हमारे मिनिस्ट्रीयल साथियों के साथ की गई अभ्रता, गाली-गलौच व मारपीट के विरोध में शिक्षा अधिकारी (प्रशासनिक संवर्ग) एसोसियेशन उत्तराखण्ड के पत्र दिनांक 22 फरवरी, 2026 के क्रम में आज माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में प्रदेश के समस्त संगठनों की सामूहिक बैठक हुई, जिसमें एक कोर कमेटी का गठन किया गया। कोर कमेटी द्वारा निर्णय लिया गया है किः-
“दिनांक 23-24 फरवरी, 2026 को सभी मिनिस्ट्रीयल कार्मिक उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर कर कार्यबहिष्कार करेंगे। छात्रहित को दृष्टिगत रखते हुये फिलहाल बोर्ड परीक्षा को कार्यबहिष्कार से पृथक रखा गया है। यदि फिर भी सरकार द्वारा सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है तो दिनांक 25 फरवरी, 2026 से प्रदेश के समस्त विभागों के कार्यालय कार्य बहिष्कार करेंगे।”
अतः समस्त मण्डलीय / जनपदीय पदाधिकारियों से अनुरोध है कि कोर कमेटी द्वारा लिये गये निर्णय के क्रम में विद्यालयी शिक्षा विभाग के समस्त मिनिस्ट्रीयल कार्मिकों (बोर्ड परीक्षा-2026 में आवश्यकं सेवा में नियुक्त कार्मिकों को छोड़ते हुये) को दिनांक 23 व 24 फरवरी, 2026 को दो दिवसीय कार्यबहिष्कार हेतु अपने-अपने स्तर से निर्देशित करना सुनिश्चित करें। साथ ही बोर्ड परीक्षा में तैनात कार्मिक अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज करेंगे तथा ड्यूटी के उपरान्त धरना स्थल पर उपस्थिति देंगे। कृपया उक्त कार्यक्रम को प्राथमिकता के आधार पर सभी के साथ समन्वय स्थापित करते हुये सफल बनायें।
