October 29, 2026

दीपक तोमर की धमाकेदार बल्लेबाजी से पावर पैंथर्स बनी ट्रियो कप 2026 की चैंपियन*

0
IMG-20260131-WA0090

 

दीपक तोमर की धमाकेदार बल्लेबाजी से पावर पैंथर्स बनी ट्रियो कप 2026 की चैंपियन

 

कॉर्पोरेट क्रिकेट में एमडीडीए-यूपीसीएल की संयुक्त टीम का जलवा, 30 टीमों को पछाड़कर जीता खिताब

देहरादून। ट्रियो कप 2026 का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें एमडीडीए-यूपीसीएल की संयुक्त टीम पावर पैंथर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नवी स्पोर्ट्स क्लब को 17 रनों से हराकर टूर्नामेंट की पहली चैंपियन टीम बनने का गौरव हासिल किया। मुकाबला आखिरी ओवरों तक रोमांच से भरपूर रहा और दर्शकों को उच्च स्तरीय कॉर्पोरेट क्रिकेट देखने को मिला।

*एमडीडीए उपाध्यक्ष को सौंपी गई ट्रॉफी*

चैंपियन बनने के बाद पावर पैंथर्स की टीम ने मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर ट्रियो कप 2026 की ट्रॉफी सौंपी। इस अवसर पर उपाध्यक्ष ने सभी खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ये भी पढ़ें:  अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए का शिकंजा, तीन जगह ध्वस्तीकरण और दो निर्माण सील

*कॉर्पोरेट क्रिकेट में विभागीय टीमों का दबदबा*

यह टूर्नामेंट एक प्रतिष्ठित कॉर्पोरेट क्रिकेट प्रतियोगिता था, जिसमें कुल 30 टीमों ने भाग लिया। पावर पैंथर्स टीम एमडीडीए और यूपीसीएल की संयुक्त टीम है, जिसमें अन्य विभागों से जुड़े खिलाड़ी भी शामिल रहे। इतने बड़े टूर्नामेंट में खिताब जीतना टीम की कड़ी मेहनत, अनुशासन और बेहतरीन टीम वर्क का प्रमाण है। यह जीत उत्तराखंड के विभागीय खेल जगत के लिए भी गर्व का क्षण मानी जा रही है।

*दीपक तोमर की बल्लेबाजी ने रखी जीत की नींव*

पहले बल्लेबाजी करते हुए पावर पैंथर्स ने निर्धारित 25 ओवरों में 187 रन बनाए। टीम की ओर से दीपक तोमर ने शानदार जुझारू 63 रनों की पारी खेली। वहीं राजेश ने 41 रनों की अहम पारी खेलकर टीम को मजबूती दी। अंत में मनवीर पंवार ने मात्र 8 गेंदों पर 20 रन बनाकर स्कोर को चुनौतीपूर्ण बना दिया।

ये भी पढ़ें:  गैरसैंण और धामी सरकार

*गेंदबाजों ने तोड़ा नवी स्पोर्ट्स क्लब का हौसला*

लक्ष्य का पीछा करते हुए नवी स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने संघर्ष जरूर किया। अर्चित अग्रवाल ने 46 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन पूरी टीम 23.2 ओवरों में 170 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी में अक्षय कुमार सिंह ने 4.2 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि किरन सिंह ने तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर मैच का रुख पावर पैंथर्स के पक्ष में मोड़ दिया।

*मैच के दौरान जीवंत रहा माहौल*

मैच के दौरान मंच संचालन प्रवेश सेमवाल ने अपने अनोखे अंदाज से माहौल को उत्साहपूर्ण बनाए रखा। वहीं कमेंट्री में अलंकार गौतम ने रोचक शैली से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फाइनल मुकाबले में रणजीत मान, निलेश पाठक, सनी ठाकुर, अक्षय घरती, सुभाष रावत, दीक्षांत मिश्रा, आदित्य नेगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में विशेषज्ञ बोले संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता और हैंड हाइजीन बेहद जरूरी

*उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान*

काम के साथ-साथ खेल और फिटनेस भी बेहद जरूरी है। ऐसे कॉर्पोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं। पावर पैंथर्स की यह जीत खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और आपसी तालमेल का नतीजा है। एमडीडीए हमेशा अपने कार्मिकों और विभागीय खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करता रहेगा। इस तरह के आयोजन सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी सहायक होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *