बॉलीवुड को टक्कर देंगी उत्तराखंडी फिल्में, देव रतूड़ी ने किया केमसोर स्टूडियोज का आगाज


बॉलीवुड को टक्कर देंगी उत्तराखंडी फिल्में, देव रतूड़ी ने किया केमसोर स्टूडियोज का आगाज
चीन के फिल्म उद्योग में पहचान बना चुके देव रतूड़ी की पहल, पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी और पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने किया स्टूडियो का उद्घाटन
देहरादून। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और यहां की अनकही कहानियों को अब बड़े पर्दे पर नई पहचान दिलाने की तैयारी शुरू हो गई है। चीन की फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवा चुके उत्तराखंड के अभिनेता और उद्यमी देव रतूड़ी ने उत्तराखंडी सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए केमसोर स्टूडियोज की शुरुआत की है। मंगलवार, 25 नवंबर को देहरादून में स्थापित इस फिल्म प्रोडक्शन हाउस का उद्घाटन उत्तराखंड के पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी ने किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी भी मौजूद रहीं। दोनों ने स्टूडियो का अवलोकन किया और देव रतूड़ी के प्रयासों की सराहना की।
पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी ने देव रतूड़ी की संघर्ष यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंडी फिल्मों के लिए इस तरह के संस्थान की स्थापना संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का सशक्त माध्यम बनेगी। वहीं, पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि देव रतूड़ी ने अपने गांव के नाम से स्टूडियो का नाम रखकर अपनी जड़ों से जुड़ाव का संदेश दिया है। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडियों के बीच देव रतूड़ी की सक्रियता और उत्तराखंड के दो गांवों को गोद लेने की पहल की भी सराहना की।
**रामपुर तिराहा कांड पर बनेगी पहली फिल्म**
केमसोर स्टूडियोज की पहली फिल्म ‘द उत्तराखंड स्टोरी’ होगी, जिस पर काम शुरू हो चुका है। फिल्म के निर्देशक अनुज जोशी के अनुसार, फिल्म की कहानी वर्ष 1994 के चर्चित रामपुर तिराहा कांड और उसके बाद के 32 वर्षों के घटनाक्रम पर आधारित होगी। फिल्म में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के उन आंदोलनकारियों और गुमनाम नायकों की कहानियों को भी सामने लाया जाएगा, जिनके योगदान को अब तक अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाई है।
फिल्म को मूल रूप से हिंदी भाषा में तैयार किया जाएगा और देशभर में प्रदर्शित करने की योजना है। बाद में इसे उत्तराखंड की विभिन्न भाषाओं में भी दिखाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस फिल्म का पोस्टर लॉन्च कर चुके हैं। फिल्म के माध्यम से रामपुर तिराहा कांड की घटना और राज्य आंदोलन के इतिहास को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
**उत्तराखंडी कलाकारों को मिलेगा प्रशिक्षण**
केमसोर स्टूडियोज केवल फिल्म निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहां उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों को अभिनय का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके लिए विशेष रूप से मुंबई से बॉलीवुड के अभिनय प्रशिक्षक हर्षल पंवार को आमंत्रित किया गया है। हर्षल पंवार ने कहा कि उत्तराखंड में कहानियों और प्रतिभाओं की भरमार है, लेकिन उन्हें वैश्विक मंच तक पहुंचाने की जरूरत है। स्टूडियो के माध्यम से अच्छे कलाकार तैयार करने के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्मों के निर्माण का प्रयास किया जाएगा।
**मुंबई जैसी तकनीकी सुविधाएं उत्तराखंड में मिलेंगी**
देव रतूड़ी का कहना है कि उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन तकनीकी सुविधाओं की कमी के कारण निर्माताओं को पोस्ट प्रोडक्शन के लिए मुंबई जाना पड़ता है। केमसोर स्टूडियोज के माध्यम से फिल्म निर्माण के साथ पोस्ट प्रोडक्शन से जुड़ी आधुनिक तकनीकी सुविधाएं भी प्रदेश में उपलब्ध कराने की योजना है। यहां उत्तराखंडी फिल्मों के अलावा वेब सीरीज और म्यूजिक प्रोडक्शन पर भी काम होगा।
उन्होंने बताया कि अगले दो से तीन वर्षों में केमसोर स्टूडियोज को फिल्म इंस्टीट्यूट के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को देवभूमि फिल्म सिटी स्थापित करने का प्रस्ताव भी सौंपा गया है। उनका उद्देश्य उत्तराखंड के कलाकारों, निर्देशकों और फिल्म निर्माताओं को अपने ही प्रदेश में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
**गांव के नाम से जुड़ा है केमसोर**
देव रतूड़ी ने अपने फिल्म स्टूडियो का नाम केमसोर अपने पैतृक गांव केमरिया सौड़ के नाम को मिलाकर रखा है। टिहरी गढ़वाल के इस छोटे से गांव से निकलकर चीन तक सफलता का सफर तय करने वाले देव रतूड़ी ने अपने करियर की शुरुआत चीन में एक वेटर के रूप में की थी। मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने वहां अंबर पैलेस नाम से भारतीय सांस्कृतिक रेस्तरां की श्रृंखला स्थापित की। इसके साथ ही चीनी फिल्मों में कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाकर अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने चीन के प्रतिष्ठित निर्देशकों और कलाकारों के साथ काम किया है। उनकी संघर्ष और सफलता की कहानी चीन के पाठ्यक्रम में भी पढ़ाई जाती है।
देव रतूड़ी ने अपने सामाजिक कार्यों की शुरुआत भी अपने गांव से की थी। उन्होंने गांव को गोद लेकर वहां विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित कीं। वर्तमान में रतूड़ी फाउंडेशन के माध्यम से उत्तराखंड में सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। अब फिल्म निर्माण के जरिए वह अपनी जन्मभूमि की संस्कृति, प्रतिभा और कहानियों को दुनिया तक पहुंचाना चाहते हैं।
देव रतूड़ी का कहना है कि केमसोर स्टूडियोज उनकी ओर से देवभूमि उत्तराखंड को समर्पित एक प्रयास है। वह चाहते हैं कि उत्तराखंड की फिल्में भी बॉलीवुड, दक्षिण भारतीय सिनेमा और अंतरराष्ट्रीय फिल्म उद्योग के साथ अपनी मजबूत पहचान बना सकें।
स्टूडियो के उद्घाटन समारोह में साहित्यकार एवं गीतकार मदन डुकलान, उत्तराखंडी भाषाओं को एआई के माध्यम से संरक्षित और प्रोत्साहित करने वाले सच्चिदानंद सेमवाल, अभिनेता राम नेगी, विमित्र के संस्थापक अरुण डबराल, उद्यमी एवं समाजसेवी बलवंत सिंह बिष्ट, वर्नम की संस्थापक मंजू भसीन और उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
केमसोर स्टूडियोज की शुरुआत को उत्तराखंड में फिल्म उद्योग के विकास, स्थानीय कलाकारों को अवसर देने और पहाड़ की संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

