October 19, 2026

अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमके उत्तम सिंह रावत, मुख्यमंत्री धामी से की भेंट; उत्तराखंड में खेलों को बढ़ावा देने पर हुई चर्चा

0
IMG-20261019-WA0093

अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमके उत्तम सिंह रावत, मुख्यमंत्री धामी से की भेंट; उत्तराखंड में खेलों को बढ़ावा देने पर हुई चर्चा

 

देहरादून। कनाडा के विनीपेग में आयोजित कॉमनवेल्थ पावरलिफ्टिंग एवं बेंच प्रेस चैंपियनशिप-2026 में दो पदक जीतकर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले पावरलिफ्टर उत्तम सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। उत्तम सिंह रावत ने केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी से भी मुलाकात की।
कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में उत्तम सिंह रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लासिक बेंच प्रेस में रजत पदक और इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि को उत्तराखंड की खेल प्रतिभा और युवाओं की मेहनत का उदाहरण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के दौरान प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, पावरलिफ्टिंग जैसे खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर लौटे उत्तम सिंह रावत की उपलब्धि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री धामी सहित प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से मिले प्रोत्साहन और मार्गदर्शन के लिए उत्तम सिंह रावत ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भविष्य में भी देश और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर रोशन करना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय प्रशिक्षकों, परिवार, शुभचिंतकों और सहयोगियों को भी दिया।
उत्तम सिंह रावत की उपलब्धि ने एक बार फिर उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं की क्षमता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित किया है। खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने से प्रदेश के युवा खेलों में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें:  ग्लोबल इन्वेस्टर समिट पर भ्रामक खबरों को सचिव उद्योग विनय शंकर पांडे ने किया खारिज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *