दुखद खबर:गूलर बस हादसे ने दहलाया उत्तराखंड, आठ यात्रियों की मौत, 26 घायल; कई राज्यों के लोग थे सवार, पीएम, सीएम ने जताया दुख


गूलर बस हादसे ने दहलाया उत्तराखंड, आठ यात्रियों की मौत, 26 घायल; कई राज्यों के लोग थे सवार
हरिद्वार से चमोली जा रही विश्वनाथ सेवा की बस गूलर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी, एसएसपी श्वेता चौबे और एसडीएम पंकज भट्ट ने संभाला रेस्क्यू अभियान

देहरादून/टिहरी। उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के समीप यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की बस हरिद्वार से चमोली की ओर जा रही थी। मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे मुनि की रेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर बाजार के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई की गहराई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ और पुलिस कर्मियों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
एसएसपी श्वेता चौबे और एसडीएम पंकज भट्ट मौके पर मौजूद
हादसे की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे और कीर्तिनगर के उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट घटनास्थल पर मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में जुटी रहीं। घायलों को एम्स ऋषिकेश सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
आठ राज्यों के यात्री हादसे का शिकार

प्रशासन की ओर से जारी घायलों की सूची के अनुसार हादसे में उत्तराखंड के अलावा झारखंड, बिहार, असम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के यात्री घायल हुए हैं। घायलों में तीन साल की मासूम बच्ची आयरा भी शामिल है। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर अवस्था में है, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घटनास्थल से उसके पास कोई पहचान पत्र भी बरामद नहीं हुआ है।
घायलों की सूची जारी
प्रशासन की ओर से जारी सूची में शामिल घायलों के नाम इस प्रकार हैं—
* मोहम्मद वहाब अंसारी (22), दुमका, झारखंड।
* राहुल कुमार (24), पटना, बिहार।
* अभिषेक (28), जसपुर, ऊधमसिंहनगर।
* प्रत्यूष (23), खटीमा, ऊधमसिंहनगर।
* अर्जुन सौरन (34), दुमका, झारखंड।
* बुधन मुर्मू (50), दुमका, झारखंड।
* आयरा (3), गुवाहाटी, असम।
* नूर जहां (26), गुवाहाटी, असम।
* राजकुमार (32), दुमका, झारखंड।
* जतिन (21), शाहदरा, दिल्ली।
* पंकज नेगी (31), रुद्रप्रयाग।
* संतोष कुमार (38), जहानाबाद, बिहार।
* वीरेंद्र सिंह (58), कर्णप्रयाग, चमोली।
* मुन्ना सिंह (28), दुमका, झारखंड।
* सागर (21), प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश।
* खुशी भट्ट (19), पिथौरागढ़।
* एक अज्ञात व्यक्ति, गंभीर अवस्था में।
* परेश मराठी, दुमका, झारखंड।
* आसापंथ (64), हल्द्वानी।
* पंकज कांडपाल (42), हल्द्वानी।
* अंजू (32), हल्द्वानी।
* आर्यन गुप्ता, मध्य प्रदेश।
* रमेश चंद, कोलकाता।
* दर्शन सिंह, हल्द्वानी।
* रामा प्रसाद घोष (62), कोलकाता।
* नवीन (31), हल्द्वानी।
राहत एवं बचाव अभियान जारी
हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 26 घायलों का उपचार चल रहा है। प्रशासन की ओर से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

