June 19, 2026

सिंग्टाली पुल के शिलापट्ट से बलूनी का नाम गायब, भाजपा में सियासी हलचल तेज,चूक या शह-मात का खेल

0
IMG-20260619-WA0023

सिंग्टाली पुल के शिलापट्ट से बलूनी का नाम गायब, भाजपा में सियासी हलचल तेज

पूर्व सीएम तीरथ बोले- जनप्रतिनिधियों का नाम होना चाहिए था, उठे कई सवाल

पौड़ी। कुलदीप बिष्ट

पौड़ी गढ़वाल और यमकेश्वर क्षेत्र को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित सिंग्टाली पुल के शिलान्यास के बाद अब शिलापट्ट को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। शिलान्यास समारोह के लिए लगाए गए शिलापट्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और क्षेत्रीय विधायक रेणु बिष्ट का नाम तो अंकित है, लेकिन गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी का नाम नदारद है। इसे लेकर क्षेत्र में चर्चाओं और राजनीतिक अटकलों का दौर तेज हो गया है।
सिंग्टाली पुल लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांगों में शामिल रहा है। इस परियोजना को लेकर सांसद अनिल बलूनी लगातार सक्रिय रहे हैं। बताया जाता है कि उन्होंने इस संबंध में मुख्य सचिव से भी मुलाकात की थी और परियोजना को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए थे। ऐसे में शिलापट्ट पर उनका नाम शामिल न होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि विकास कार्यों से जुड़े शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों में संबंधित जनप्रतिनिधियों का नाम शिलापट्ट पर होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का नाम भी शिलापट्ट में शामिल किया जाना उचित होता।
इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। विपक्ष जहां इसे भाजपा के अंदरूनी समीकरणों से जोड़कर देख रहा है, वहीं राजनीतिक विश्लेषक भी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सांसद का नाम शिलापट्ट से क्यों गायब रखा गया। चर्चा इस बात की भी है कि कहीं भाजपा के भीतर गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र की राजनीतिक खींचतान का कहीं असर तो इस मामले में दिखाई नहीं दे रहा।
हालांकि, इस संबंध में अभी तक प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। ऐसे में सिंग्टाली पुल का शिलापट्ट अब विकास से ज्यादा सियासत का विषय बनता नजर आ रहा है।

ये भी पढ़ें:  महाराज के अथक प्रयासों से 12341.56 लाख की स्यूंसी झील की टेण्डरिंग प्रक्रिया शुरू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *