May 25, 2026

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक सप्ताह का जोरदार आगाज़

0
IMG-20260208-WA0016

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में
सांस्कृतिक सप्ताह का जोरदार आगाज़

ऽ छात्र-छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
ऽ फैशन शो में देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति की दिखी झलक
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक उल्लास, रचनात्मकता और छात्र ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। 4 फरवरी से 7 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक और रचनात्मक प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने कार्यक्रम के आयोजकों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
बुधवार को विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित सांस्कृतिक सप्ताह कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि एसजीआरआर विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर अवसर प्रदान करता है, जिससे उनमें संगठन, अनुशासन और टीमवर्क की भावना विकसित होती है।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. (डॉ.) मालविका सती कांडपाल ने बताया कि सांस्कृतिक सप्ताह के अंतर्गत नृत्य, संगीत, फैशन शो, रंगोली, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट एवं फूड फेस्ट जैसी अनेक प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं।

ये भी पढ़ें:  रानीपोखरी में 25 मई को गूंजेगा माँ भगवती का जयकारा, सिद्धि बसु गुरु माता बद्रीनाथ धाम में विशाल जागरण व भंडारे का आयोजन

सांस्कृतिक सप्ताह के पहले दिन आयोजित फैशन शो में देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिली, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति की चेयरपर्सन डॉ. प्रिया पांडे, चीफ प्रॉक्टर डॉ. गणराजन, विश्वविद्यालय के सभी स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं हजारों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ईशा शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *