कानपुर – प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। सभी राजनैतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस चुनाव में मजदूरों की भूमिका अहम होगी। यह बात इंटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं शहर से महापौर पद के प्रबल दावेदार विजय सिंह मर्तोलिया ने कही। उन्होंने कहा कि नये श्रम कानून और निगमीकरण को लेकर मजदूरों ने पूरे साल आंदोलन किया। लेकिन सरकार ने कर्मचारियों की नहीं सुनी। जिसके चलते श्रमिकों में सरकार के प्रति खासा आक्रोश है। कोरोना काल में पलायन करने वाले मजदूरों का दर्द किसी से छिपा नहीं है। लंबी-लंबी यात्राएं करके अपने परिवार के साथ किसी
तरह वह अपने घर पहुंचे। भूखे-प्यासे इन मजदूरों का दर्द सरकार ने नहीं देखा। जिसके कारण मजदूरों का रुझान कांग्रेस के साथ है। बताते चलें कि अखिल भारतीय असंगठित कर्मचारी मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मर्तोलिया की अगुवाई में स्व. इंदिरा गांधी कैंटीन चलाकर मजदूरों की कोरोना काल में मदद की गई। साथ ही पलायन करके अपने घर जाने वाले मजदूरों को हाइवे पर खाद्य सामग्री एवं उनके निवास पर पहुंचाने की मदद की गई। मजदूरों का एक बहुत बड़ा संगठन श्री मर्तोलिया के साथ है जो विधानसभा चुनाव में निर्णायक होगा। रक्षा कर्मियों द्वारा निगमीकरण को लेकर किए गए आंदोलन में भी इंटक ने सरकार के खिलाफ रक्षा कर्मियों का साथ दिया।

