लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। देश-प्रदेश के साथ ही केदारनाथ धाम में दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। दीपावली के शुभ अवसर पर केदारनाथ मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। आज दीपावली के दिन भगवान केदारनाथ, माता पार्वती, लक्ष्मी-नारायण के साथ ही गणेश भगवान की पूजायें संपंन होंगी। जबकि 25 अक्टूबर को सूर्य ग्रहण के दिन मंदिर बंद रहेगा।
बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कार्यधिकारी आर सी तिवारी ने बताया कि पंचांग गणना के अनुसार 25 अक्टूबर को मंगलवार प्रातः 4 बजकर 26 मिनट से शाम 5 बजकर 32 मिनट ग्रहणकाल तक केदारनाथ मंदिर और सभी अधीनस्थ मंदिरों के कपाट ग्रहण के दौरान बंद रहेंगे। ग्रहण प्रारंभ 25 अक्टूबर को समय प्रातः 4 बजकर 26 मिनट पर है। ग्रहण से ठीक पहले मंदिर बंद हो जायेंगे। यद्यपि 12 घंटे पहले सूतक प्रारंभ हो जाता है। पंचांग के अनुसार 25 अक्टूबर शाम 5 बजकर 32 मिनट तक ग्रहण काल रहेगा। ग्रहणकाल तक उत्तराखंड के चारों धामों सहित छोटे-बड़े मंदिर बंद रहेंगे। ग्रहण समाप्ति पश्चात तथा केदारनाथ मंदिर सहित अधीनस्थ मंदिरों में साफ सफाई कार्य तथा शांयकाल पूजाएं आरती संपंन होंगी। वहीं 27 अक्टूबर को भैया दूज पर्व पर बाबा केदार के कपाट बंद कर दिये जायेंगे, जिसको लेकर भी बद्री-केदार मंदिर समिति तैयारियों में जुटी हुई है।