पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। देहरादून के परेड ग्राउंड में पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (रि) ने पुष्कर सिंह धामी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्रियों के नाम का भी ऐलान किया गया। धामी कैबिनेट में कुल 8 मंत्रियों ने शपथ ली। जिनमें शामिल सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, रेखा आर्य और प्रेमचंद अग्रवाल ने भी शपथ ली। वहीं मंत्रीमंडल में नए मंत्री के रूप में चन्दन राम दास ने शपथ ली, तो सौरभ बहुगुणा ने युवा विधायक के रूप में मंत्री पद का शपथ ली।
भाजपा विधायक दल की बैठक में धामी को फिर से नेता चुना गया है। पुष्कर सिंह धामी राज्य के दूसरे ऐसे राजनेता हैं, जिन्होंने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। इससे पहले जनरल बीसी खंडूड़ी ने ऐसा किया था। धामी जब पहली बार मुख्यमंत्री बने तब उनको सिर्फ आठ महीने का ही वक्त मिला था लेकिन अब उन्हें अगले पांच साल के लिए राज्य की कमान सौंप दी गई है। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत प्राप्त कर भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता पर काबिज हुई है। लेकिन सीएम धामी स्वयं खटीमा सीट से चुनाव हार गए, इसके बावजूद भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने धामी पर ही भरोसा जताया है। साथ ही धामी को छह महीने के अंदर विधायकी का चुनाव जीतना होगा।
कई राज्यों के मुख्यमंत्री बने गवाह
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हरियाणा के चीफ मिनिस्टर मनोहर लाल खट्टर समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री इस समारोह का हिस्सा बने।
साधु-संत भी आशीर्वाद देने पहुंचे
इस शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में साधु-संत भी आशीर्वाद देने पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के राजतिलक में भगवा रंग खास रूप से नजर आया। संतों के लिए साल 2017 के शपथ ग्रहण समारोह की तरह ही अलग से मंच बनाया गया। वहीं शपथ ग्रहण समारोह से पहले मुख्यमंत्री और पार्टी के पदाधिकारी सुबह साढ़े सात बजे मंदिर और गुरुद्वारे पहुंचकर पूजा और अरदास की।