गढ़वाली फिल्म ‘चंद्रा’ का पोस्टर और टीजर कल होगा लॉन्च, त्रिवेंद्र सिंह रावत रहेंगे मुख्य अतिथि


गढ़वाली फिल्म ‘चंद्रा’ का पोस्टर और टीजर कल होगा लॉन्च, त्रिवेंद्र सिंह रावत रहेंगे मुख्य अतिथि
देहरादून: गढ़वाली सिनेमा को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से निर्मित फीचर फिल्म ‘चंद्रा’ का पोस्टर और टीजर कल, 20 अक्टूबर को देहरादून में लॉन्च किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर तीन बजे संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम, दूरदर्शन केंद्र के निकट रिस्पना ब्रिज में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज अध्यक्षता करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में सूचना महानिदेशक एवं फिल्म विकास परिषद के सीईओ बंशीधर तिवारी, परिषद के नोडल अधिकारी केएस चौहान तथा सामाजिक कार्यकर्ता वीर सिंह पंवार और डीएस पंवार शामिल होंगे।
फिल्म के निर्माता कुलदीप असवाल और अर्जुन असवाल हैं। इसका निर्देशन कांता प्रसाद ने किया है, जबकि लेखक भगवती प्रसाद उपाध्याय हैं। आयोजकों के अनुसार, फिल्म के माध्यम से गढ़वाली बोली-भाषा, लोकसंस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है। पोस्टर और टीजर लॉन्च के अवसर पर फिल्म के कलाकारों और तकनीकी टीम के सदस्यों के भी मौजूद रहने की उम्मीद है।

